राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया प्रदीप दलाल की किताब ‘न्यूज़ फॉर सेल’ का विमोचन
अमेज़न किंडल, फ्लिपकार्ट और रेख्ता जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध
चंडीगढ़। गुजरात एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मनोवैज्ञानिक, स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक प्रदीप दलाल द्वारा लिखित चर्चित पुस्तक “न्यूज़ फॉर सेल” का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखक को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पुस्तक आधुनिक मीडिया की दिशा और दशा पर गंभीर चिंतन प्रस्तुत करती है। पुस्तक ऑफलाइन प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ अमेज़न किंडल, फ्लिपकार्ट और रेख्ता जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध है।
लेखक प्रदीप दलाल ने बताया कि “न्यूज़ फॉर सेल” के माध्यम से उन्होंने मीडिया की बदलती प्राथमिकताओं, कॉर्पोरेट दबावों और जनसरोकारों से बढ़ती दूरी जैसे मुद्दों को उजागर करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह किताब किसी उपदेश के लिए नहीं, बल्कि समाज को यह सोचने पर विवश करने के लिए है कि क्या समाचार अब केवल बाजार की वस्तु बन चुके हैं या अब भी ज़िम्मेदारी का माध्यम हैं। प्रदीप दलाल ने आगे कहा कि पत्रकारिता एक समय समाज का चौथा स्तंभ मानी जाती थी। आज़ादी से पहले इसे एक मिशन के रूप में देखा जाता था, लेकिन समय के साथ यह मिशन से व्यवसाय की ओर बढ़ गई है।
आज विज्ञापन, टीआरपी और राजनीतिक स्वार्थों की दौड़ में मीडिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। यह पुस्तक इन्हीं प्रश्नों और चुनौतियों पर केंद्रित है। इसमें स्वतंत्र भारत से लेकर डिजिटल युग तक मीडिया के उत्थान, पतन और संक्रमणकाल का गहन विश्लेषण किया गया है। लेखक ने उन पत्रकारों का भी उल्लेख किया है जिन्होंने सच की कीमत पर भी निष्पक्ष पत्रकारिता की मशाल जलाए रखी। पत्रकारिता लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ के रूप में अपनी विश्वसनीयता खोता जा रहा है लेकिन वर्तमान में ऐसे अनेकों पत्रकार हैं जो जमीर की स्याही से बिना डरे व झुके लोगों तक सच पहुंचाने का कार्य करते हैं।
प्रदीप दलाल ने बताया कि यह कृति पूरी तरह से शोध, वरिष्ठ पत्रकारों, शिक्षाविदों और आमजन के अनुभवों पर आधारित है। पुस्तक को दृशी प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि “न्यूज़ फॉर सेल” जैसी पुस्तकें समाज को यह याद दिलाती हैं कि लोकतंत्र तभी मज़बूत रह सकता है जब मीडिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और जनपक्षीय बना रहे। गौरतलब है कि प्रदीप दलाल वर्तमान में लंदन में मनोवैज्ञानिक व स्वतंत्र पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वे पब्लिक रिलेशन ऑफिसर के रूप में अपनी सेवायें दे चुके हैं, वहीं वे प्रदेश के बेस्ट जर्नलिस्ट के अवार्ड के साथ कई बार राज्यपाल व समाजसेवी संस्थाओं द्वारा सम्मानित किए जा चुके हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन एवं जर्नलिज्म से एमएससी और एमफील की उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
