मनोहर नीति से नायाब हरियाणा में भाजपा को मजबूती प्रदान करेंगी डॉ. अर्चना : सीमा त्रिखा

पूर्व मंत्री ने किया नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत

फरीदाबाद। हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता श्रीमती सीमा त्रिखा ने कहा है कि मनोहर नीति से नया और नायाब हरियाणा हर दिशा में प्रगति की ओर अग्रसर है वहीं महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेशे से डॉक्टर अर्चना गुप्ता का अनुभव और पार्टी के लिए समर्पण हरियाणा में भाजपा को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्रीमती त्रिखा नवनियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता का स्वागत करने उनके निवास पर पहुंची थी। इस मौके पर उन्होंने उनका शॉल पहनाकर व बुक्के देकर स्वागत किया। पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा रखने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे का अवसर मिलता है। पार्टी नेतृत्व द्वारा डा. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना उनके लंबे संघर्ष,

समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारियां प्रदान करती है। डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति यह सिद्ध करती है कि भाजपा में महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की सोच की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नारी शक्ति वंदन की भावना और महिला सशक्तिकरण के संकल्प का सशक्त उदाहरण है। भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो महिलाओं को संगठन, नेतृत्व और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी प्रदेश में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने आधी आबादी को पूरा हक देकर महिलाओं का मान बढ़ाया है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का जितना आभार व्यक्त किया जाए उतना कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही मायनों में महिलाओं के हितों के पक्षधर नेता साबित हुए हैं और उन्होंने हमेशा महिलाओं के हितों को सर्वोपरि रखा है। जबकि कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा जग-जाहिर हो चुका है क्योंकि कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों की राजनैतिक भ्रूण हत्या करने का कार्य किया है जिसे समूचे देश की महिलाओं ने देखा है। पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि आज विकसित भारत-विकसित हरियाणा के संकल्प के साथ प्रदेश निरंतर प्रगति और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में व्यवस्था बदलने का कार्य किया है वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्य कर रही है। पारदर्शी भर्ती प्रणाली के तहत बिना पर्ची, बिना खर्ची के आधार पर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रहीं हैं। सरकार व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.