लक्ष्मण हत्याकांड में वांछित दो आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, आरोपित के पैर में लगी गोली
फरीदाबाद। सेक्टर-62 में हुए बहुचर्चित लक्ष्मण हत्याकांड मामले में फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा ऊंचा गांव तथा अपराध शाखा सेक्टर-65 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में वांछित दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव तथा जतिन के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपित तरुण उर्फ नवीन के दाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके उपरांत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया है, घटनाक्रम में अब तक आठ व्यक्ति गिरफ्तार किया जा चुके हैं। एसीपी अमन यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गांव साहूपुरा निवासी अमित ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी कि 4 अक्टूबर 2026 को उसके भाई महेश को फोन कर चाचा लक्ष्मण ने बताया था कि सेक्टर-62/ 64 चौक पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले व उनके कुछ साथी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता अपने भाई महेश के साथ मौके पर पहुंचा।
वहां करीब 10-12 व्यक्ति लक्ष्मण के साथ चाकू और रॉड से मारपीट कर रहे थे। शिकायतकर्ता व उसके भाई ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मण की मौत हो गई और उसका भाई महेश घायल हो गया। घटना के संबंध में थाना आदर्श नगर में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनाक्रम की जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 7/8 अक्टूबर की रात अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि मामले में वांछित तरुण उर्फ नवीन और जतिन मलेरना रोड, सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के गोदाम में बने कमरों में छिपे हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अपराध शाखा ऊंचा गांव तथा अपराध शाखा सेक्टर-65 की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपित मौके से भागने लगे।
पुलिस टीम ने उन्हें काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपित तरुण उर्फ नवीन ने भागते हुए पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस टीम ने आरोपित को चेतावनी दी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपित तरुण उर्फ नवीन के दाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही काबू कर लिया। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मौके से आरोपित के कब्जे से एक पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात के दौरान तरुण उर्फ नवीन, जतिन व एक अन्य आरोपित आकाश ने लक्ष्मण पर चाकू से हमला किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ के बाद तीन अन्य आरोपितों को भी अपराध शाखा की टीम ने 8 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रिंकू, अनूप व राजीव निवासी ऊंचा गांव के रूप में हुई है। आरोपित प्रशांत, नमन व आकाश को टीम ने 5 अक्टूबर का ही गिरफ्तार कर लिया था। इस प्रकार पुलिस द्वारा अब तक घटनाक्रम में 8 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
