हॉर्न बजाने और कार टच होने पर कैब चालक से मारपीट, डैशकैम में कैद हुई वारदात

फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र के 5 नंबर चर्च रोड पर मामूली सड़क विवाद में कैब चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो कैब में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है।
जानकारी के मुताबिक, कैब चालक रात के समय चर्च रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बताया जा रहा है कि हादसे से बचने के लिए कैब चालक ने हॉर्न बजाया, लेकिन उसकी गाड़ी आगे चल रही कार से हल्की सी टच हो गई। टक्कर से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

आरोप है कि इसके बाद कार में सवार दो युवक नीचे उतरे और कैब चालक से बहस करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। डैशकैम फुटेज में आरोपित युवक चालक को गाड़ी से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान आसपास से वाहन गुजरते रहे।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि मामूली सड़क विवाद को बातचीत से सुलझाया जा सकता था, लेकिन चालक के साथ मारपीट करना गंभीर मामला है। स्थानीय लोगों ने देर रात व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना को लेकर पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने पुलिस से डैशकैम फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.