जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : कृष्ण पाल गुर्जर
पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी और यू-टर्न व्यवस्था को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों से मांगी कार्ययोजना
फरीदाबाद। जिला फरीदाबाद में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन लघु सचिवालय सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने की। बैठक में पूर्व एनआईटी 86 विधायक सतीश फागना और पृथला विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, जिला परीक्षा चेयरमैन विजय सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न एजेंडों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसमें योजनाओं के बजट व्यय, लाभार्थियों तक पहुंच, जमीनी प्रभाव और पारदर्शिता को प्रमुखता से लिया गया। बैठक में शहर में जलभराव की समस्या को लेकर विभिन्न स्थानों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन, पंप तथा ड्रेनेज संबंधी कार्य किए गए हैं, जिससे जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने निर्देश दिए कि केवल अस्थायी समाधान के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित एजेंसियों को नालों, ड्रेनेज सिस्टम और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में एनआईटी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा हुई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों से विभिन्न क्षेत्रों में पानी की मांग और उपलब्ध आपूर्ति का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी क्षेत्र को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से विधानसभा एवं जनसंख्या के अनुसार मांग-सप्लाई का आंकड़ा तैयार करने तथा जहां आवश्यकता है वहां अतिरिक्त बूस्टर, पाइपलाइन और वितरण व्यवस्था को आपस में समन्वित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ उसकी प्रभावी वितरण व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सेक्टर-28 में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों, फुटपाथ, मैनहोल, ग्रिल एवं लाइटों की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश दिए कि विकास कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सार्वजनिक सुविधाओं को भी निर्धारित मानकों के अनुसार बहाल किया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से कार्य पूरा करने को कहा। बैठक में सेक्टर-28 सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास एवं स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त फुटपाथ, ग्रिल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत और पुनस्र्थापना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना के कारण नागरिक सुविधाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए और कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से बहाल किया जाए।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में सडक़, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवरेज और अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों तथा सर्विस रोड पर अतिक्रमण को हटाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने जलभराव की समस्या की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हृ॥्रढ्ढ सहित संबंधित एजेंसियों द्वारा जल निकासी के लिए किए गए कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर पाइप लाइन एवं पंप की व्यवस्था की गई है, जिससे जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था तक सीमित न रहते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था विकसित की जाए तथा सडक़ और सर्विस रोड को भी निर्धारित समय में दुरुस्त किया जाए। वाईएमसीए रोड से इंदिरानगर की ओर जलभराव की समस्या पर भी केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट ली। उन्होंने जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों में सडक़ों एवं पाइपलाइन की बहाली की स्थिति की समीक्षा की। श्री गुर्जर ने निर्देश दिए कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की वीडियोग्राफी तथा फोटोग्राफी करवाई जाए और भुगतान से पहले संबंधित अधिकारी द्वारा मौके पर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि भौतिक सत्यापन के बाद ही कार्य की गुणवत्ता एवं पूर्णता सुनिश्चित करते हुए भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी तथा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित यू-टर्न के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए संबंधित एजेंसियों को यातायात व्यवस्था का अध्ययन कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यू-टर्न, स्लिप रोड, जल निकासी, सफाई और सडक़ व्यवस्था को एक साथ ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और आमजन को परेशानी न हो। दिल्ली-फरीदाबाद मार्ग एवं एक्सप्रेसवे क्षेत्र में सौंदर्यीकरण, पौधारोपण एवं अतिक्रमण हटाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री गुर्जर ने कहा कि जिन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां सडक़ किनारे हरित पट्टी एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार किए जाएं। उन्होंने मलबे के उचित निस्तारण एवं पुनस्र्थापन की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सर्विस रोड निर्माण, ग्रिल एवं गेट लगाने तथा अवैध आवागमन को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। दिशा बैठक के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने विभिन्न विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण एवं तकनीकी प्रकृति के कार्यों में निर्णय लेने से पहले सेकंड लेवल ओपिनियन भी लिया जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं तकनीकी पहलुओं की समुचित जांच सुनिश्चित हो सके। बैठक में गंगा वाटर सप्लाई से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने ने संबंधित अधिकारियों से मुख्यमंत्री स्तर पर निर्धारित बैठक एवं कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए आवश्यक समन्वय के साथ कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में अतिक्रमण, सडक़, स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं सीवर व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़े वाल्व, पाइपलाइन एवं अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सीवर एवं एसटीपी कार्यों में गुणवत्ता की तकनीकी जांच, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
