बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य : कृष्ण पाल गुर्जर

‘रंगों से सजेंगे बेहतर कल का समाज’ प्रतियोगिता में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि बच्चों और युवाओं में अपार प्रतिभा छिपी हुई है। आवश्यकता केवल उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने यह बात सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सेक्टर- 14 स्थित डीएवी स्कूल के ऑडिटोरियम में “रंगों से सजेंगे बेहतर कल का समाज” विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया भी मौजूद रही। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर विजेता रहे विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विजेताओं का चयन करना नहीं, बल्कि उन प्रतिभाओं को सामने लाना भी है, जो ग्रामीण क्षेत्रों, शहरों और विभिन्न बस्तियों में रहते हुए अवसर की तलाश में हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम से चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है, लेकिन जो विद्यार्थी इस बार विजेता नहीं बन पाए, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढऩे, अपनी कमियों को सुधारने और अगली बार बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का विषय ‘2047 का भारत कैसा हो’ विद्यार्थियों को विकसित भारत के लक्ष्य पर विचार करने और अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में आज के युवाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जो विद्यार्थी आज स्कूल और कॉलेजों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, वही आने वाले वर्षों में देश के विकास की दिशा तय करने में योगदान देंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि देश की प्रगति में नागरिकों की सोच और सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और पूरी लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुसार भविष्य का लक्ष्य तय कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक अवसर से सीख लेकर अपने व्यक्तित्व और ज्ञान का विकास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रतियोगिता में प्राप्त पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण वह प्रोत्साहन है, जो विद्यार्थियों को आगे बढऩे के लिए प्रेरित करता है। एक विद्यार्थी की सफलता दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनती है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वित्य, त्रित्या और चतुर्थ स्थान प्राप्त विजेता विद्यार्थियों को निर्धारित पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, एनपीपीओ संदेश सोलंकी, बीईओ बल्लभगढ़ सतीश चौधरी, फरीदाबाद महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष ममता यादव जयप्रकाश डांगी, डॉ. राजकुमार बंसल, डॉ. रेखा मोहन सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.