ग्रेटर फरीदाबाद की ग्रेट प्रॉब्लम, अधिकारियों ने ‘पट्टिका’ लगाकर कर दिया गजब समाधान !
ग्रेटर फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 34 के गांव बादशाहपुर और ददसिया ( जो कि आरएसएस का गढ़ माने जाते हैं ) में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। इन दोनों गाँवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। जिस पर स्थानीय निवासियों का चलना भी दूभर हो गया है। स्थिति यह है कि बादशाहपुर स्थित एसटीपी प्लांट तक जाने वाली ग्रेटर फरीदाबाद की सीवर लाइन पिछले एक साल से लगातार लीक हो रही है, जिसके कारण गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर 24 घंटे बहता रहता है।
अधिकारियों का गजब का समाधान वाले कागजी विकास और शिलान्यास पर उठे सवाल
एक तरफ जहाँ नगर निगम फरीदाबाद द्वारा बादशाहपुर गाँव में नाला निर्माण कार्य जैसे विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन के बोर्ड (जिन पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और वार्ड 34 के पार्षद संजीव कुमार के नाम अंकित हैं) लगाए गए हैं, वहीं धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मीडिया और पार्षदों के माध्यम से सैकड़ों बार शिकायतें करने के बावजूद धरातल पर काम शून्य है और जनता अपने बुनियादी अधिकारों से वंचित है।
जननायक जनता पार्टी नेता नाहर सिंह चौहान ने उठाया कड़ा रुख
इस गंभीर होती जा रही समस्या को लेकर जननायक जनता पार्टी (जजपा) के तिगांव विधानसभा अध्यक्ष नाहर सिंह चौहान द्वारा सोशल मीडिया पर मुहिम चलाई जा रही है। पीड़ित ग्रामीणों में भी इसे लेकर कड़ा रोष व्यक्त किया है। नाहर सिंह चौहान कहते हैं कि यह बेहद विडंबनापूर्ण है कि एक तरफ सरकार और उसके जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े विकास के दावे करते हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम में शामिल हुए इन गाँवों की जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विज्ञापनों और शिलान्यास की पट्टियां तो सजाकर लगा दी गईं लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं किया गया। ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार की तमाम व्यवस्थायें पूरी तरह फेल साबित हो रही है। जजपा नेता नाहर सिंह चौहान ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस सड़क और सीवर लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो जननायक जनता पार्टी स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगी।
ददसिया और बादशाहपुर के ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त
बादशाहपुर निवासी जितेंद्र त्यागी, धर्मपाल त्यागी, रविंद्र शांडिल्य, ददसिया से नीरज त्यागी, कृष्ण त्यागी, पवन त्यागी, सरपंच प्रतिनिधि धर्मपाल सहित दोनों गांवों के हजारों ग्रामीण इस समस्या से विगत एक वर्ष से परेशान हैं। सभी ने मीडिया, जनप्रतिनिधि और नगर निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। गत माह जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो 20 सितंबर रविवार को नगर निगम अधिकारियों ने यहां विकास पट्टिका लगाकर उसपर मंत्रियों, मेयर और जनप्रतिनिधियों के नाम लिख कर इतिश्री कर दी। लेकिन इसी पट्टिका के साथ सड़क पर बहते गंदे पानी वाली समस्या जस की तस बनई हुई है। जिसे लेकर ग्रामीणों में भरी रोष व्याप्त हैं।
