तिगांव थाने में तैनात एएसआई 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
फरीदाबाद। फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो ने एएसआई को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मामला राजस्थान की एक युवती से जुड़ा है। वह दिल्ली के एक युवक के साथ तिगांव एरिया में लिव-इन में रह रही थी। आरोप है कि एएसआई ने जबरन युवती को उसके परिवार को सौंप दिया। बॉयफ्रेंड को रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। खुद ही रेप केस से निकालने के लिए 2 लाख रुपए की डिमांड की। इसके लिए एक लाख रुपए में सौदा तय हुआ। शनिवार रात करीब 11 बजे युवक थाने मे एएसआई को एडवांस के 20 हजार रुपए देने आया था। यहां ट्रैप लगाए बैठी एसीबी ने तुरंत उसे पकड़ लिया। एएसआई हिदायत खान तिगांव थाने में तैनात है। उधर, एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।
पूरे मामले की जांच की जा रही है। लिव-इन में थे युवक युवती: राजस्थान के डीग जिले की रहने वाली एक युवती और दिल्ली के श्रीनिवासपुरी, गांधी कैंप-2 निवासी रोहित पिछले काफी समय से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। कुछ दिनों से दोनों फरीदाबाद के तिगांव में रोहित के एक रिश्तेदार घर रह रहे थे। युवती के परिजन तिगांव आए: रोहित का कहना है कि 10 सितंबर को युवती के परिवार के लोग तिगांव स्थित रिश्तेदार के घर पहुंचे। यहां उन्होंने मेरे और अपनी बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने खुद ही पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। लडक़ी ने परिवार के साथ जाने से मना किया: पवन का कहना है कि उसने पुलिस को बताया था कि युवती बालिग है। वह अपने घरवालों के साथ नहीं जाना चाहती। आरोप है कि इसके बाद भी एएसआई हिदायत खान ने लडक़ी पक्ष के साथ मिलकर उसे परिजनों के साथ भेज दिया। रोहित का कहना है कि एएसआई ने उसे और रिश्तेदार को रेप केस में फंसाने की धमकी दी।
इसके बाद उसने 2 लाख रुपए की डिमांड की। रोहित ने कहा कि उसने एएसआई को 5 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद एएसआई फोन कर रुपए के लिए परेशान करने लगा। इसके बाद 1 लाख रुपए में मामला निपटाने की बात तय हुई। यह रकम एक हफ्ते में तीन किस्तों में देनी थी। इसकी पहली किस्त के तौर पर शनिवार को 20 हजार रुपए देने तय हुए थे। रोहित ने एएसआई की रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने कार्रवाई की प्लानिंग बनाई। प्लानिंग के तहत रोहित 20 हजार रुपए लेकर तिगांव थाने पहुंचा। आरोप है कि एएसआई ने उसे थाने के अंदर रुपए लेकर बुलाया था। जैसे ही हिदायत खान ने 20 हजार रुपए लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। टीम ने रुपए बरामद कर एएसआई को गिरफ्तार कर लिया।
