साइबर ठगी के तीन मामलों में चार आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों मेंचार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।  पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21सी निवासी शिकायतकर्ता ने मकान किराये पर देने के लिए 99 एकड़ ऐप पर विज्ञापन डाला था। ठगों ने मकान किराये पर लेने का झांसा देकर यूपीआई व बैंक संबंधी जानकारी भरने के लिए कहा। इसके बाद खाते से 60 हजार व 39 हजार रुपये, कुल 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले में पवन कुमार निवासी अम्बेडकर नगर, उत्तर प्रदेश, हाल गुरुग्राम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित खाताधारक है और उसके खाते में ठगी की रकम आई थी। आरोपित ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना बैंक खाता आगे दिया था।

थाना साइबर एनआईटी में एक शिकायत प्राप्त हुई जिसमें शिकायकर्ता ने बताया कि15 अगस्त को उसका मोबाइल फोन हैक होने के बाद उसके बैंक खाते से 68 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले में ग्वालियर, मध्य प्रदेश निवासी पवन रजक तथा सुजल शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि पवन के खाते में ठगी के 46 हजार रुपये आए थे। उसके खाते में रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी का रिकवरी मोबाइल नंबर सुजल के नाम पर था। दोनों आरोपित पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं।  उत्तम नगर निवासी शिकायतकर्ता ने गैस बुकिंग के लिए सर्च इंजन से नंबर खोजकर संपर्क किया। साइबर ठग ने केवाईसी के नाम पर लिंक भेजा। लिंक खोलने के कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। मामले में राहुल निवासी गांव सिंघाना, जींद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित खाताधारक है और उसके खाते में ठगी के 11 हजार रुपये आए थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.