कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने किया नवीनीकृत कुलसचिव कार्यालय का उद्घाटन
फरीदाबाद। विश्वविद्यालय परिसर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने आज विश्वविद्यालय के नवीनीकृत कुलसचिव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस आधुनिक कार्यालय परिसर में अधिक आगंतुकों को आसानी से समायोजित करने और एक बेहतर व सुगम वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से एक विस्तृत सहायता कार्यालय (सपोर्ट ऑफिस) का निर्माण किया गया है।
उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए, कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने इस आधुनिकीकरण पहल का नेतृत्व करने के लिए कुलसचिव प्रो. अजय रंगा की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुलसचिव कार्यालय विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख प्रशासनिक कार्यों का केंद्र बिंदु होता है। ऐसे में उच्च कार्य मानकों, उचित मर्यादा और विद्यार्थियों, शिक्षकों व आगंतुकों के लिए एक स्वागत योग्य वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. अजय रँगा ने निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार का धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम में डीन अकादमिक मामले प्रो. अतुल मिश्रा, डीन एफईटी प्रो. राजेश आहूजा, डीन फ्लेम्स प्रो. अनुराधा शर्मा, डीन आउटरीच एंड मीडिया रिलेशंस प्रो. पवन सिंह तथा वित्त नियंत्रक प्रो. कोमल भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
