जनभागीदारी से ‘सेवा ही संकल्प और सेवा ही योगदान’ की भावना को मिलेगा विस्तार : राजेश नागर
‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने की प्रेस वार्ता
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान प्रदेश सरकार आमजन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। अभियान का उद्देश्य सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोडऩा है। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर मंगलवार को लोकनिर्माण विश्राम गृह में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा दिवस के कार्यक्रमों को पूरे एक माह तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न स्तरों पर एक दर्जन से अधिक विशेष कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत स्कूलों में ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित कर बच्चों की कल्पनाओं और रचनात्मकता के माध्यम से विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ‘सेवा की कहानी’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के माध्यम से गांवों और क्षेत्रों में सेवा यात्राएं आयोजित कर विकसित भारत 2047 के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। प्रदेश के 19,365 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन भी किया जाएगा। अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता, जरूरतमंदों की सहायता और बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने सहित 25 प्रकार के सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा। गंदगी एवं जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता महाभियान चलाया जाएगा। साथ ही, 30 दिवसीय अभियान के दौरान हरियाणा को मोतियाबिंद मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया है।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ विशेष शिविर प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यार्थियों और युवाओं के लिए स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर ‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किए जाएंगे। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और हरियाणा में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, एक निर्धारित दिन देश के चार प्रमुख शहरों में ‘सुशासन सेवा संवाद’ का आयोजन होगा, जिसमें पंचायत से संसद तक के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सरकार द्वारा गरीब, वंचित, महिला, किसान और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी देश ने व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया।
