एमआरआईएस में आयोजित शिविर में 81 ने किया रक्तदान
200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य की कराई निशुल्क जांच
फरीदाबाद। मानव रचना शिक्षण संस्थान के संस्थापक डा.ओपी भल्ला की स्मृति में डा.ओपी भल्ला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को रक्तदान शिविर और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन गुरुग्राम के मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-46 के प्रांगण में हुआ। रक्तदान शिविर में 81 यूनिट रक्तदान हुआ, साथ ही 200 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। रक्तदान शिविर के आयोजन में लायंस क्लब गुरुग्राम और स्थानीय आरडब्ल्यूए का विशेष सहयोग रहा। फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन डा.एनसी वधवा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में रक्तदान करने वालों में उत्साह देखते ही बनता था। रक्तदान में नारी शक्ति भी आगे रही।
शिविर में मानव रचना डेंटल कालेज की अनुभवी दंत चिकित्सीय टीम, फिजियोथेरेपी टीम, न्यूट्रीशन टीम, साइक्लोजी टीम के विशेषज्ञ स्टाफ व चिकित्सकों ने दांतों की, शरीर की, मानसिक स्थिति की जांच करते हुए स्वस्थ रहने की उचित सलाह दी, साथ ही जिनके दांतों को उपचार की जरूरत थी, वो भी किया गया। साथ ही रोटरी क्लब गुरुग्राम की ओर से मेमोग्राफी वैन के माध्यम से 20 महिलाओं ने स्क्रीनिंग निशुल्क करवाई, ताकि समय पर जांच होने से स्तन कैंसर से बचाव हो सके। रक्तदान शिविर में लायंस क्लब के हरियाणा राज्य के कोआर्डिनेटर लायन महेश बांगा और गुरुग्राम टीम से लायन केएस ढाका का विशेष सहयोग रहा। शिविर में नगर निगम के पार्षद प्रथम वशिष्ठ ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। डा.एनसी वधवा ने सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
