फरीदाबाद नगर निगम ने रात 3 बजे से चलाया विशेष सफाई अभियान, कूड़े से अटी सड़कों को कराया साफ, आवागमन हुआ सुगम

शहर वासियों को स्वच्छ वातावरण देना निगम की प्राथमिकता  - निगम नागरिकों की बेहतर सुविधा के लिए लगातार कर रही है कार्य, नगर निगम द्वारा फरीदाबाद के लगभग 173 पॉइंट से हटाया कूड़ा

फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम प्रशासन द्वारा मंगलवार को रात्रि 3:00 बजे से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निगम क्षेत्र के बड़े-बड़े सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, खत्तों तथा अन्य स्थानों पर जमा कूड़े को जेसीबी, डंपर और ट्रैक्टरों की मदद से उठाया गया।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान के दौरान ऐसे कई स्थानों को भी साफ कराया गया, जहां लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण सड़कें पूरी तरह कूड़े से ढक गई थीं और आमजन के आवागमन में परेशानी हो रही थी। निगम की टीमों ने कूड़ा हटाकर इन मार्गों को आवागमन के लिए सुचारू कराया।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान बल्लभगढ़ ब्राह्मण धर्मशाला रोड, बल्लभगढ़-गुड़गांव कैनाल रोड, एनआईटी-डबुआ-प्याली रोड, संजय कॉलोनी, गुजर चौक, विष्णु कॉलोनी, 100 फुट रोड बल्लभगढ़ की मुख्य सड़क, आइशर चौक ,सेक्टर 87, रामनगर टाउनशिप सहित अन्य कई प्रमुख स्थानों से कूड़ा उठाकर सड़कों को साफ कराया गया।

सफाई मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए निगम के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी रात्रि 3:00 बजे ही अपनी-अपनी ड्यूटी पर पहुंच गए थे। अधिकारियों की निगरानी में सफाई टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर कूड़े के ढेरों को हटाने का कार्य शुरू किया। सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन सिंह, एनआईटी से सफाई निरीक्षक हरवीर रावत,ओल्ड फरीदाबाद सफाई निरीक्षक जगवीर चौहान और बल्लभगढ़ जोन से अजीत रावत की देखरेख में सफाई अभियान चलाया गया।

बल्लभगढ़ से 57 पॉइंट,एनआईटी से 39, बड़खल से 35 पॉइंट,ओल्ड जॉन और तिगांव के 6 वार्डों के 42 पॉइंट से कूड़े के ढेर साफ किए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से निगरानी की जाए तथा जहां भी कूड़ा जमा होने की सूचना मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.