निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने की बल्लभगढ़ व ग्रेटर फरीदाबाद के पार्षदों के साथ बैठक, ली विकास कार्यों की जानकारी
- पार्षदों ने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे बैठक में रखे, निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने आज बल्लभगढ़ एवं ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र के पार्षदों के साथ बैठक कर उनके वार्डों से संबंधित समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
निगम आयुक्त (कमिश्नर) ने पार्षदों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगम के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में वार्ड नंबर 3, 4, 24, 34, 38 तथा वार्ड नंबर 40 से 46 तक के पार्षदों ने हिस्सा लिया। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पेयजल, सीवर, सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं तथा वार्डों में चल रहे विकास कार्यों से संबंधित विषय निगम आयुक्त के समक्ष रखे।
निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करते हुए उनका समाधान करवाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जिन कार्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाया जाए।
निगम आयुक्त ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से वार्डों की समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर वीरेंद्र सिंह, जॉइंट कमिश्नर करण सिंह, जॉइंट कमिश्नर अमित मान सहित नगर निगम के कार्यकारी अभियंता, एसडीओ एवं जेई मौजूद रहे। जबकि पार्षदों में रविभगत, महेश गोयल, सोनू वैष्णव, दीपक यादव, पवन यादव, प्रदीप टोंगर, अनीता मनोज वशिष्ठ, संगीता ज्ञानेंद्र भारद्वाज और किरण बाला के प्रतिनिधि जयप्रकाश मास्टर मौजूद रहे।
