बिजली, पानी, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर योजनाबद्ध तरीके से हो रहा काम : कृष्ण पाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री ने सेक्टर-46 में किया विकास कार्यों का शुभारंभ, करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मिली सौगात

फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और बिजली, पानी, सडक़, स्वास्थ्य तथा कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह बात आज सेक्टर-46 में आयोजित विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान कही। गुर्जर ने आज सेक्टर-46 और मेवला महाराज पुर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण तथा 35 लाख रुपये की लागत से गांव मेवला महराजपुर में पांच ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बिजली व्यवस्था को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की बार-बार होने वाली कटौती की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि 11 हजार केवी की बिजली लाइनों को भूमिगत करने की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे पेड़ों की कटाई-छंटाई, तार टूटने और लाइन में खराबी के कारण होने वाले ब्रेकडाउन की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी तथा लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को ट्रांसफार्मर, बिजली की तारों और अन्य आवश्यक कार्यों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सेक्टर-45 के अर्बन हेल्थ सेंटर को अस्पताल में परिवर्तित किया गया है, जहां जांच, प्रसव, ऑपरेशन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए डायलिसिस सेंटर तथा पीपीपी मॉडल के माध्यम से किफायती कार्डियक सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े टाउन पार्क की आवश्यकता को देखते हुए उपलब्ध कमर्शियल साइट को टाउन पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यहां वॉकिंग ट्रैक, हरियाली, लाइटिंग, फव्वारे तथा अन्य जनसुविधाओं से युक्त सुंदर टाउन पार्क विकसित किया जाएगा, जिसका लाभ बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं सहित सभी वर्गों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक तरीके से विकास किया जा रहा है और आने वाले समय में रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। फरीदाबाद उनकी जन्मभूमि है और शहर के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम पार्षद, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.