छात्रों की मांग जायज, सरकार बातचीत से निकाले हल : रुपचंद लाम्बा
छात्र आंदोलन के समर्थन में इनेलो ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
फरीदाबाद। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा के नेतृत्व में शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में विरोध प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान इनेलो कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के समर्थन में अपनी आवाज उठाई।
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र का हनन किया जा रहा है, जो बच्चे अपने भविष्य को लेकर शांतिपूर्वक तरीके से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, उनके साथ पुलिस की बर्बरता ने सरकार का घिनौना चेहरा उजागर किया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में जो भी अपने हक-हकूक की आवाज उठाते है, उसे कुचलने का काम किया जाता है, लेकिन इनेलो पार्टी पूरी तरह से छात्रों के साथ है और उनके हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी। श्री लाम्बा ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक का मामला देश के लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जो पूरी तरह गलत और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार है।
रुपचंद लाम्बा ने आरोप लगाया कि युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाब और इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लिया जाता और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी प्रदेशभर में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। प्रदर्शन के बाद सभी नेताओं ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर रोहित इनसो अध्यक्ष, जितेंद्र नरवत किसान सैल, नागेश तेवतिया, जीतसिंह डागर, सुरेश वर्मा बल्लभगढ़, बॉबी डागर, जगजीत कौर पन्नू, देवेंद्र तेवतिया, महावीर मास्टर दयालपुर, पतराम सूबेदार, पवन जाखड़, जिला युवा प्रधान, सोनू तेवतिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
