महेश पांडेय हुए ‘प्रकृति प्रेम सम्मान’ से सम्मानित

फरीदाबाद। जिला न्यायालय परिसर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में भोजीवुड एंटरटेनमेंट के संस्थापक एवं गुरुग्राम निवासी यूट्यूबर महेश पांडेय को ‘प्रकृति प्रेम सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान में उल्लेखनीय सहयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में फरीदाबाद जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैंसला, महासचिव टीका डागर तथा कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने संयुक्त रूप से महेश पांडेय को प्रशस्ति-पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक कार्यों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच की सराहना की।

कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान, सम्मान समारोह तथा भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, पत्रकारों, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सम्मान प्राप्त करने के बाद महेश पांडेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.