टेकब्लिट्ज़ 10.0 इंटरस्कूल प्रतियोगिता में जीवा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

फरीदाबाद, । सैक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एमवीएन अरावली हिल्स द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित TechBlitz 10.0 इंटरस्कूल प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता एवं नवीनतम तकनीक का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में फरीदाबाद के लगभग 22–23 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें अरावली इंटरनेशनल स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद, डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल, एपीजे स्कूल (सेक्टर-15), मॉडर्न विद्या निकेतन (एमवीएन), मॉडर्न विद्या मंदिर एवं जीवा पब्लिक स्कूल सहित अनेक अग्रणी शिक्षण संस्थान शामिल थे। विद्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय रहा कि इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में जीवा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

जीवा पब्लिक स्कूल के चार विद्यार्थियों ने दो प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। Peace Pixel प्रतियोगिता में कक्षा चौथी की तिया सोरुत एवं तापसी ने ScratchJr के माध्यम से शांति एवं सद्भाव पर आधारित एक अभिनव डिजिटल प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। वहीं Crafting Harmony प्रतियोगिता में कक्षा छठी के अद्वैत चौहान एवं अक्षत भाटिया ने Gamma AI की सहायता से कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति तैयार कर अपनी सृजनात्मक सोच और तकनीकी कौशल का परिचय दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष एवं जीवा लर्निंग सिस्टम के इनोवेटर ऋषिपाल चौहान ने कहा कि आज के युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीक का ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को तकनीक का जिम्मेदार, रचनात्मक और मानवीय उपयोग करना सिखाना भी है। जीवा लर्निंग सिस्टम विद्यार्थियों में नवीन तकनीक, समस्या-समाधान, सहयोग, संचार कौशल तथा नैतिक मूल्यों का संतुलित विकास करने पर बल देता है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव ने विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में रचनात्मक सोच, डिजिटल दक्षता, टीमवर्क और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे मंचों पर भागीदारी के लिए निरंतर प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि वे वैश्विक स्तर की तकनीकी पर आधारित चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें।

प्रधानाचार्या नरजीत कौर ने भी सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी सराहनीय प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.