पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ ने किया यमुना के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा

फरीदाबाद। पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़, प्रतीक अग्रवाल ने मंगलवार को बल्लभगढ़ जॉन के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान अशोक कुमार एसीपी तिगांव, प्रबंधक थाना छांयसा, तिगांव व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस उपायुक्त ने मोहना पुल, कटपुला तथा मंझावली पुल का निरीक्षण करते हुए इन संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने बारे थाना प्रबंधक को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाये ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने थाना प्रबंधक तिगांव व छायंसा को कहा कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गांवों के सरपंचों एवं स्थानीय प्रशासन के साथ पहले से ही बेहतर समन्वय स्थापित करें। किसी भी आपात स्थिति में सूचना का त्वरित आदान- प्रदान हो तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि यदि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ता है और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए पहले से ही सुरक्षित स्थानों जैसे स्कूलों एवं धर्मशालाओं में ठहरने बारे जिला फरीदाबाद प्रशासन से संपर्क कर स्थान चिन्हित किये जाकर व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्ययोजना को भी तैयार किया जाये। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें, स्थानीय लोगों को सतर्क करें तथा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर हर परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.