एकॉर्ड अस्पताल द्वारा लगाए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 85 लोगों ने कराई जांच
फरीदाबाद। एकॉर्ड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की ओर से गांव घरोड़ा, चांदपुर रोड स्थित लिटिल फीट किड्स प्ले स्कूल में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों और कॉलोनियों के 85 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। शिविर में पेट, लीवर और आंत संबंधी रोग, फेफड़े एवं श्वास रोग, मस्तिष्क और स्पाइन, स्त्री रोग तथा जनरल फिजिशियन सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की।
इसके अलावा शुगर, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, ईसीजी और एसपीओ-2 जैसी जरूरी जांच भी नि:शुल्क की गई। डॉक्टरों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान होने से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। अस्पताल चेयरमैन एवं वरिष्ठ ज्वाइंट रिपलेसमेंट सर्जन डॉ. युवराज कुमार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की।
