पानी के भरे गड्ढे में डूबने से हुई नौ वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-62 आशियाना में शुक्रवार को प्राइमरी स्कूल के पास पानी से भरे गड्ढे में नहाने उतरा चौथी कक्षा का एक छात्र डूब गया। स्थानीय लोगों ने समय रहते उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव शाहपुरा के सरकारी स्कूल की प्राइमरी शाखा सेक्टर-62 आशियाना में संचालित होती है, जहां कक्षा पांचवीं तक की पढ़ाई होती है।

स्कूल टीचर उपकार ने बताया कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में दो महिला टीचरों की ड्यूटी लगी होने के कारण स्कूल में केवल दो टीचर ही मौजूद थे। शुक्रवार सुबह स्कूल लगने के बाद वह दूसरे कक्षा में थे, जबकि महिला टीचर सहायक कर्मचारी के साथ बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार कर रही थीं। सुबह करीब 10 बजे का समय रहा होगा इसी दौरान चौथी कक्षा में पढऩे वाला नौ वर्षीय रेहान कुछ बच्चों के साथ स्कूल के मुख्य गेट के पास खड़ा था।

कुछ देर बाद वह अन्य बच्चों के साथ स्कूल परिसर से बाहर निकल गया। स्कूल के पास ही एक खाली प्लॉट में बरसात के पानी से भरा गहरा गड्ढा है। बताया जा रहा है कि रेहान नहाने के लिए गड्ढे में उतर गया और अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर स्कूल में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही टीचर मौके की ओर दौड़े, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बच्चे को पानी से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। रेहान की मां असरीन ने बताया कि उसके पति की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। वह मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.