योगासन चैंपियनशिप में मेहर अनेजा ने जीता स्वर्ण और रजत पदक

सुपर सीनियर महिला वर्ग में संगीता शर्मा चौथे स्थान पर रहीं

फरीदाबाद। उत्तराखंड के रुडक़ी स्थित सीओईआर यूनिवर्सिटी में 26 से 28 जून तक आयोजित तीसरी राष्ट्रीय योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 में फरीदाबाद के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में सेक्टर-14 स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की छात्रा एवं फरीदाबाद की प्रतिभाशाली योगासन खिलाड़ी मेहर अनेजा ने सब जूनियर-बी (बालिका) वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा आर्टिस्टिक सोलो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में मेहर के आयु वर्ग में देशभर से लगभग 200 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपने उत्कृष्ट संतुलन, लचीलेपन, तकनीकी दक्षता एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।

मेहर के कोच श्याम कुमार ने बताया कि मेहर पिछले कई वर्षों से पूरे समर्पण एवं अनुशासन के साथ प्रतिदिन लगभग तीन घंटे योगासन का नियमित अभ्यास करती हैं। उनकी कठिन मेहनत, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब मेहर अनेजा विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं सुपर सीनियर महिला वर्ग में फरीदाबाद की संगीता शर्मा ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं माधुरी शर्मा, उर्मिल गौतम एवं योगिता ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व किया और अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में फरीदाबाद टीम के साथ आनंद चौधरी, दीपक देशवाल, अभिनंदन एवं श्वेता अनेजा भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के दौरान टीम को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस उपलब्धि पर खिलाडिय़ों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि फरीदाबाद के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और देश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.