नेहरू कॉलोनी पर बुलडोजर चला, तो पहले हमारे ऊपर से गुजरेगा’ प्रदर्शनकारियों का सरकार को अल्टीमेटम

फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी पर यदि बुलडोजर चलेगा, तो पहले उसे लोगों के ऊपर से गुजरना होगा। यह संकल्प तोड़फोड़ के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने लिया। नेहरू कॉलोनी और अन्य प्रभावित क्षेत्रों के सैकड़ों परिवारों ने सेक्टर-16 स्थित नेहरू गर्ल्स कॉलेज के पास पार्क में एकत्रित होकर एक विशाल जनसभा की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय तक जोरदार विरोध जुलूस निकाला।

सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के चेयरमैन बिजेंद्र, संयोजक वीरेंद्र डंगवाल, सीटू के प्रदेश महासचिव जय भगवान, सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री और माकपा के राज्य सचिव प्रेम चंद सहित कई श्रमिक व कर्मचारी नेताओं ने सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि लाखों परिवारों की ये कॉलोनियां अवैध नहीं हैं, बल्कि इन्हें तोड़ने की कार्रवाई अवैध है। यहाँ रहने वाले लोग फरीदाबाद और देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। इनके पास वोटर कार्ड, राशन कार्ड और फैमिली आईडी जैसे वैध दस्तावेज हैं, फिर भी भाजपा सरकार इन्हें उजाड़ने पर तुली है।

प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मांग पत्र लेते हुए कहा कि मैं इस मामले की जांच करवाऊंगा और मुख्यमंत्री से बातचीत कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास करूँगा कि किसी का घर न टूटे। उन्होंने कॉलोनी में बिजली बहाली की पुष्टि की और जल्द ही पानी की पूरी सप्लाई शुरू करने का भरोसा दिया। साथ ही, नगर निगम कार्यालय पर चल रहे धरने में पुलिस हस्तक्षेप न होने के निर्देश भी जारी किए।

संघर्ष समिति ने ऐलान किया है कि जब तक सरकार लिखित में ठोस आश्वासन नहीं देती, तब तक नगर निगम कमिश्नर कार्यालय (बीके चौक) पर धरना जारी रहेगा। इसके साथ ही, आगामी 5 जुलाई, रविवार को सुबह 10 बजे सभी कॉलोनी निवासी बड़खल चौक पर इकट्ठा होकर केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के आवासीय कार्यालय की ओर कूच करेंगे और विशाल रोष प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान पूर्व कर्मचारी नेता श्रीपाल भाटी, विजय झा, सुनील कंडेरा, सुधा, करतार सिंह, नवल सिंह और आर.एन. सिंह सहित कई स्थानीय निवासियों ने भी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.