फरीदाबाद में बंद मकान से मिला युवक का शव:अकेले रहता था

फरीदाबाद के सारण थाना क्षेत्र की जवाहर कॉलोनी में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक का शव उसके घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय जितेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। वह यामाहा कंपनी में प्लांट लाइनमैन के पद पर काम करता था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र प्रजापति जवाहर कॉलोनी में अपने मकान में अकेले रहता था। उसकी पत्नी और एक छोटी बेटी बिहार के सिवान जिले में रहती हैं। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जितेंद्र दिखाई नहीं दे रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।

बुधवार रात को आसपास रहने वाले लोगों को बदबू आने लगी थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि बदबू नाली या सीवर से आ रही है। लेकिन गुरुवार सुबह जब दुर्गंध और ज्यादा तेज हो गई तो लोगों को शक हुआ कि कहीं आसपास कोई जानवर या चूहा मर गया है। इसी दौरान कुछ लोग जितेंद्र के घर के पास पहुंचे तो वहां से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी।

पड़ोसियों ने जितेंद्र को फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों का शक और बढ़ गया। उन्होंने तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर जाना पड़ा।

पुलिस जब कमरे के अंदर पहुंची तो देखा कि जितेंद्र बेड के पास उल्टे मुंह पड़ा हुआ था। शव काफी फूल चुका था और शरीर का रंग भी बदल गया था। गर्मी की वजह से शव से बदबू आ रही थी। पुलिस का मानना है कि युवक की मौत करीब तीन दिन पहले हुई होगी। सारण थाना प्रभारी हुकुम सिंह ने बताया कि जितेंद्र नाम का युवक अपने घर में मृत मिला है।

फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत किस वजह से हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.