जनसुनवाई शिविर में पहुंचीं 32 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश : प्रवीण बत्रा जोशी 

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले जनसुनवाई शिविर में आज लगभग 32 शिकायतें प्राप्त हुईं। शिविर की अध्यक्षता महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने की। इस अवसर पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा निर्देशों पर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त(तृतीय) परमजीत चहल भी उपस्थित रहे।
महापौर एवं अतिरिक्त आयुक्त ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से हर सोमवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान किया जाए।

अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उन्हें समाधान की जानकारी अवश्य दी जाए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई अधिकारी शिकायत के समाधान के लिए मौके पर विजिट के लिए पहुंचे, तो शिकायत में दर्ज मोबाइल नंबर पर शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाया जाए। इससे समस्या के वास्तविक समाधान की पुष्टि हो सकेगी तथा नगर निगम के प्रति नागरिकों का विश्वास और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को उनके कार्य की प्रगति और समाधान की सूचना सीधे फोन पर मिलने से निगम की सकारात्मक छवि भी विकसित होगी।बैठक में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे तथा प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।

जनसुनवाई शिविर में सैनिक कॉलोनी एवं अरावली विहार क्षेत्र से पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत प्राप्त हुई। सेक्टर-22 एवं 23 स्थित दीनदयाल पार्क में पौधों के रखरखाव एवं साफ-सफाई की समस्या भी नागरिकों द्वारा उठाई गई।
वहीं वार्ड नंबर-3 स्थित बाबा हिरदे राम कॉलोनी में गलियों के पुनर्निर्माण की मांग से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई। सैनिक कॉलोनी क्षेत्र में खाली प्लॉटों में जमा गंदगी एवं कूड़े के ढेर को हटाने की शिकायत भी शिविर में पहुंची।

इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर-11 में गली निर्माण, वार्ड नंबर-1 के झाड़सैंतली गांव में वाल्मीकि चौपाल के सौंदर्यीकरण तथा टैक्स एवं प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित विभिन्न शिकायतें भी प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.