अंडरपास में फंसा सीमेंट मिक्सर ट्रक, आधा घंटा लगा जाम

फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में रविवार देर रात एक सीमेंट मिक्सर ट्रक फंस जाने से करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। ट्रक फंसने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रक को अंडरपास से बाहर निकलवाकर यातायात को सामान्य कराया। ओल्ड फरीदाबाद रेड लाइट ट्रैफिक बूथ के इंचार्ज एएसआई संजय कुमार ने बताया कि रविवार देर रात एक सीमेंट मिक्सर ट्रक एनआईटी की तरफ से दिल्ली जाने के लिए आ रहा था। ड्राइवर गूगल मैप के सहारे अपना रास्ता तय कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रक को लेकर ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में पहुंच गया। अंडरपास की ऊंचाई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण ट्रक अंदर जाकर फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका। ट्रक के फंसते ही अंडरपास के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और करीब 30 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों ने इसकी सूचना ट्रैफिक पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

ट्रक को निकालने के लिए पुलिस ने उसके सभी टायरों की हवा निकलवाई, जिससे वाहन की ऊंचाई कुछ कम हुई। इसके बाद ट्रक को सावधानीपूर्वक अंडरपास से बाहर निकाला गया। ट्रक को बाहर निकालने के बाद यातायात को सामान्य किया गया और सीमेंट मिक्सर ट्रक को वैकल्पिक मार्ग से वापस भेज दिया गया। एएसआई संजय कुमार ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। कई ड्राइवर अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई की जानकारी लिए बिना बड़े वाहनों को अंदर ले आते हैं, जिससे वाहन फंस जाते हैं और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहन ड्राइवरों से अपील की है कि वे गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय सडक़ किनारे लगे संकेतकों और मार्ग संबंधी निर्देशों का भी पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.