मानसून से पहले चार करोड़ की लागत से लगेंगे यमुना किनारे स्टड्स
भूमि कटाव को रोकने की तैयारी; 15 जुलाई तक काम पूरा
फरीदाबाद। जिले के अमीरपुर-तिलौरी क्षेत्र में मानसून से पहले यमुना नदी से होने वाले भूमि कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने योजना पर काम शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से करीब चार करोड़ रुपए की लागत से नदी किनारे स्टड्स (पत्थरों से बनी सुरक्षा संरचनाएं) स्थापित की जाएगी। अधिकारियों का लक्ष्य मानसून के सक्रिय होने से पहले 15 जुलाई तक इस कार्य को पूरा करना है। पिछले वर्ष यमुना में आई बाढ़ के दौरान क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। नदी का जलस्तर बढऩे से अमीरपुर-तिलौरी के पास सुरक्षा बांध क्षतिग्रस्त हो गया था।
जिसके चलते बड़े पैमाने पर भूमि कटाव हुआ। कई किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित हुई थी, जबकि आसपास के रिहायशी इलाकों में भी पानी भर गया था। हादसे के दौरान दो बच्चों की मौत भी हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सिंचाई विभाग ने तकनीकी योजना बनाकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए थे। विभाग के अनुसार निर्माण कार्य के लिए आवश्यक बड़े पत्थर मौके पर पहुंचाए जा रहे हैं।
अगले चरण में स्टड्स निर्माण का कार्य तेज गति से शुरू किया जाएगा। इन संरचनाओं का उद्देश्य नदी के बहाव को नियंत्रित कर किनारों के कटाव को रोकना है। जिससे गांवों और कृषि भूमि को सुरक्षित रखा जा सके। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा ने बताया कि 15 जून से निर्माण गतिविधियों में तेजी लाई जाएगी और 15 जुलाई तक पूरा प्रोजेक्ट पूरा करने का प्रयास रहेगा। उनका दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में बाढ़ और भूमि कटाव के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
