शराब ठेके के पास मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक शराब ठेके के पास रविवार रात 38 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पटेल नगर झुग्गियों निवासी प्रशांत के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पैसों के लेनदेन के विवाद में चार से पांच लोगों ने प्रशांत की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास प्रभात गंभीर हालत में पड़ा मिला।
आसपास मौजूद लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई विकास ने बताया कि प्रशांत का चावला कॉलोनी स्थित माहेश्वरी कम्युनिकेशन के संचालक शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था। उनका आरोप है कि प्रभात लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन उसे लगातार टाल दिया जा रहा था। रविवार शाम भी वह अपने पैसे लेने के लिए शिवम की दुकान पर गया था। आरोप है कि इसके बाद शिवम उसे अपने साथ सेक्टर-4 स्थित शराब ठेके के पास ले गया, जहां दोनों ने शराब पी।
इसी दौरान पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया और वहां मौजूद चार से पांच लोगों ने मिलकर प्रशांत के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि प्रशांत के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उन्हें पूरा विश्वास है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। परिवार ने इस मामले में शिवम, प्रीतम और बालाजी समेत अन्य लोगों के नाम लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विकास ने बताया कि प्रशांत एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। पैसों के विवाद को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी भी उसे लगातार अपने पैसे वापस लेने के लिए कहती थी।
इसी तनाव के चलते कुछ दिन पहले वह अपने मायके चली गई थी। प्रशांत अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। सेक्टर-8 पुलिस चौकी प्रभारी बिट्टू सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। परिवार ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
