चूड़ियों की खनक और मेहंदी की महक से शहर में रौनक 

फरीदाबाद। हर साल कार्तिक मास की चतुर्थी तिथि पर रखा जाने वाला सुहागिनों का पावन व्रत करवा चौथ इस बार 29 अक्टूबर, गुरुवार को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर शादीशुदा महिलाएं पति की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद भविष्य के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। सुहागिनें इस दिन 16 श्रृंगार कर दुल्हन की तरह सजती-संवरती हैं। इस पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भारी उत्साह देखने को मिला। बुधवार को सुबह से लेकर देर रात तक खरीदारी के लिए सुहागिनों की भारी भीड़ उमड़ी। चूड़ियों की खनक, मेहंदी की महक और नए परिधानों से सजे बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

शहर के प्रमुख बाजार जैसे एनआईटी-एक, ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-15, 16 और बल्लभगढ़ में सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। सुहागिनों ने लाल चूड़ियों, डिजाइनर करवों, पूजा की थालियों और सौंदर्य प्रसाधनों की जमकर खरीदारी की। कपड़ों के शोरूम पर पारंपरिक जयपुरी प्रिंट और प्रिंटेड साड़ियों के साथ-साथ इंडो-वेस्टर्न ड्रेसेस की भी काफी मांग रही। नए और ट्रेंडिंग डिजाइन देखने के लिए महिलाओं को दुकानों पर कुछ देर इंतजार करना पड़ा। विशेष तौर पर चूड़ियां खरीदने को लेकर महिलाओं और युवतियों में भारी उत्साह नजर आई। एक दुकानदार ने बताया कि इस समय नग वाली कांच की चूड़ियां और जयपुरी चूड़ियां सबसे ज्यादा बिक रही हैं, जो महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।

करवा चौथ पर हाथों में मेहंदी रचाने की परंपरा के चलते बाजारों में जगह-जगह स्टॉल लगाए गए। महिलाएं अपनी पसंद के डिजाइन बनवाने के लिए मेहंदी आर्टिस्टों के पास पहुंचीं। एक हाथ पर मेहंदी लगाने के लिए 300 से 500 रुपये तक लिए गए। कुछ दुकानदारों ने निश्चित राशि की खरीदारी पर मेहंदी लगवाने के विशेष ऑफर भी दिए।

करवा चौथ पर पतियों द्वारा अपनी जीवनसंगिनी को खास तोहफे देने का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में खरीदारी कर रहीं शीतल बताती हैं कि वे पिछले 23 वर्षों से हर करवा चौथ पर पति से सरप्राइज गिफ्ट लेती आ रही हैं। उनके पति का मानना है कि जो पत्नी पूरे दिन निर्जला रहकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती है, उसे प्यार से तोहफा देना हर पति का फर्ज है। वहीं, अपनी सास और बच्चे के साथ शॉपिंग करने पहुंचीं सोनिया सिंह ने बताया कि उन्हें भी हर बार की तरह अपने पति से एक शानदार गिफ्ट मिलने की उम्मीद है।

करवाचौथ पर सजने-संवरने के लिए महिलाएं सुबह से ही ब्यूटी पार्लरों में पहुंचीं। मेकअप, हेयर स्टाइल और अन्य सौंदर्य सेवाओं के लिए कई पार्लरों में पहले से बुकिंग हो चुकी थी। ऐसे में महिलाओं को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा, जिससे पार्लर संचालक दिनभर व्यस्त रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.