मंडी में खरीद और उठान की व्यवस्था बेहतर, किसानों को एमएसपी से अधिक भाव मिल रहे : वेदपाल
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने रविवार को बल्लभगढ़ नई अनाज मंडी का निरीक्षण कर धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंडी में गेट पास जारी करने, धान की खरीद और फसल उठान की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। किसानों को अपनी फसल के अच्छे भाव मिल रहे हैं और धान की कई किस्में न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक कीमत पर बिक रही हैं।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने अधिकारियों और संबंधित लोगों से बातचीत कर मंडी की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने मंडी में फेंसिंग कराने, टीन शेड बनवाने और धर्म कांटा स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन तीनों मांगों को पूरा किया जाएगा। टीन शेड के निर्माण के लिए धान खरीद सीजन के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा। फेंसिंग और धर्म कांटा लगाने का काम भी कराया जाएगा।
वेदपाल ने मंडी में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी के लिए पहले से बूस्टर पंप लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बूस्टर पंप भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने मंडी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बताया कि भविष्य में शिकायतों का जल्द समाधान करने के लिए ऐप और टोल फ्री नंबर की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी, ताकि किसानों और मंडी से जुड़े लोगों को अपनी समस्याएं बताने में आसानी हो।
चेयरमैन ने कहा कि इस बार किसानों को धान के अच्छे भाव मिल रहे हैं। कई किस्मों की धान एमएसपी से अधिक कीमत पर बिक रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों से भारतीय चावल की विदेशों में मांग बढ़ी है। निर्यात के बेहतर अवसर मिलने से किसानों को लाभ हो रहा है। इससे किसान, व्यापारी और मजदूर सहित कृषि से जुड़े सभी वर्गों को फायदा मिल रहा है।
