इंडिया गठबंधन की 1 नवंबर की रामलीला मैदान रैली होगी ऐतिहासिक: माकपा
फरीदाबाद। इंडिया गठबंधन की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह जानकारी पार्टी के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने दी। उन्होंने बताया कि रैली की तैयारियों को लेकर विभिन्न ब्रांचों की बैठकें की जा रही हैं।
इसी कड़ी में ओल्ड ब्रांच की बैठक बसेलवा कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता विजय झा ने की। इसमें रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्चे वितरित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में ब्रांच सचिव वीरेंद्र पाल सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुनरीक्षण के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया और आरोप लगाया कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रही है।
वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मतदान का अधिकार लोगों को लंबे संघर्षों के बाद मिला है और यह लोकतंत्र में समानता का प्रतीक है। उनके अनुसार, एसआईआर के कारण गरीबों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम भी बड़ी संख्या में हटाए जाने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल चुनावों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने पर लोगों को भविष्य में सरकारी सुविधाओं से वंचित होने की चिंता भी है। बैठक में एसके थॉमस, मानिक राम, विजय झा और वीरेंद्र पाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
