स्वतंत्रता दिवस को लेकर बॉर्डर पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में ट्रेफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई जाएगी। यह व्यवस्था स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ-साथ समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान भी लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार फुल ड्रेस रिहर्सल को लेकर 12 अगस्त की रात 8 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1 बजे तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 14 अगस्त की रात 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को फरीदाबाद में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस दौरान एचटीवी, एमजीवी, एलजीवी और इंटरस्टेट बसों की दिल्ली की ओर जाने वाली आवाजाही पर रोक रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन ड्राइवरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में दिल्ली की ओर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। हालांकि, जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इनमें दूध, फल, सब्जी और जरूरी खाद्य सामग्री ले जाने वाले वाहन, जीवनरक्षक दवाइयों और मेडिकल सामान के वाहन, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहन शामिल हैं। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और अन्य ईंधन की आपूर्ति करने वाले वाहनों तथा प्रशासन से विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को भी छूट रहेगी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक यह प्रतिबंध बदरपुर बॉर्डर, पल्ला बॉर्डर, करणी सिंह शूटिंग रेंज बॉर्डर, सूरजकुंड बॉर्डर, मंगर चौकी, सिकरी एनएच-19, सेक्टर-30 कट समेत दिल्ली से जुड़े अन्य सीमावर्ती मार्गों पर प्रभावी रहेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.