प्रशासन और पत्रकारिता के समन्वय से ही लोकतंत्र होगा और मजबूत: विश्राम कुमार मीणा

नूंह, आस मोहम्मद। जिला नूंह के लघु सचिवालय के ग्रीवेंस कमेटी हॉल में आयोजित हरियाणा वर्किंग जर्नलिस्ट कमेटी की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पत्रकारों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशासन और पत्रकारिता के बीच पारस्परिक सहयोग, संवाद और विश्वास की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने की और विशिष्ट अतिथि के तौर पर यादराम गर्ग मेवाती और डीआईपीआरओ सुरेंद्र बजाड़ मुख्य रूप से मौजूद रहे।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की योजनाओं और नीतियों को आमजन तक पहुँचाने में पत्रकारों की निष्पक्ष और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इतना ही नहीं मेवात जिले के विकास में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे मेवात का सही मायने में विकास हो और मेवात के लोग सरकार की योजनाओं का समय पर लाभ उठा सकें। इस दौरान उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया और यूनियन से नूंह जिले से जुड़े सभी पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि वो पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी कोशिश करेंगे और उनका प्रशासन कि ओर से पूरा-पूरा सहयोग किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता को पूरी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फील्ड में रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को आवश्यकतानुसार प्रशासन व पुलिस का सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे निर्भीक होकर समाज के मुद्दों को सामने ला सकें। इस दौरान एसपी राजेश कुमार ने कहा कि पत्रकारों को हमेशा सटीक और सार्थक खबर प्रकाशित करनी चाहिए, ताकि उससे प्रशासन और आमजन को लाभ मिल सके।
वहीं हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि उनका संगठन लगभग 15 वर्षों से लगातार पत्रकारों के हित में काम कर रहा है। नूंह जिले के पत्रकारों को मनमोहन कथूरिया ने भरोसा दिलाया कि संगठन सभी पत्रकारों के साथ हमेशा खड़ा है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पत्रकार आमजन की भलाई के लिए निष्पक्ष और इमानदारी के साथ अपनी पत्रकारिता करें।

इस मौके पर पत्रकारों ने भी अपने सुझाव व समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें प्रेस मान्यता, संवाद की नियमितता, प्रशासनिक सूचनाओं की पारदर्शिता जैसे मुद्दे शामिल थे। दोनों अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि यादराम गर्ग मेवाती ने पत्रकारों का आभार जताते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।इस मौके पर डॉ आबिद हुसैन, साहिब कलाम वाइस चेयरमैन, अशोक राठी एनपीआरओ सहित काफी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

नूंह की हुसैन अस्पताल के डॉ आबिद हुसैन ने की पत्रकारों के फिरी इलाज की घोषणा

इस दौरान नूंह में मेवली रोड़ पर स्थित हुसैन अस्पताल के डॉ आबिद हुसैन को संगठन की ओर से सम्मानित किया गया और इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि संगठन से जुड़े सभी पत्रकारों का उनकी अस्पताल में फिरी इलाज किया जाएगा।

आस मोहम्मद पत्रकार को बनाया हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट ने नूंह जिले का प्रधान

इस दौरान हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने नूंह जिले से वरिष्ठ पत्रकार आस मोहम्मद को संगठन का अध्यक्ष बनाया। जिसका नियुक्ति पत्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया, डीसी विश्राम कुमार मीणा और एसपी राजेश कुमार ने देकर आस मोहम्मद को बधाई दी।

फोटो कैप्शन। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा और एसपी राजेश कुमार को शाल व शिल्ड देकर सम्मानित करते हुए मनमोहन कथूरिया ।

फोटो कैप्शन। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार हरियाणा वर्किंग जर्नलिस्ट कमेटी के सदस्यों के साथ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.