आईएमटी के दीपोत्सव में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, परंपराओं से जुड़ाव का लिया संकल्प
पर्व-त्योहार हमारी अनमोल सांस्कृतिक धरोहर : डॉ. रवि हांडा
फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के प्रांगण में दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. रवि हांडा ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान संस्थान के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. रवि हांडा ने कहा कि हमारे पर्व और त्योहार अनमोल सांस्कृतिक विरासत व धरोहर हैं। इन्हीं के माध्यम से हमारी हजारों वर्ष प्राचीन परंपराएं पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही हैं और हम अपने पूर्वजों की समृद्ध संस्कृति से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए भारतीय संस्कृति से जुड़े त्योहारों को उनकी मूल आत्मा के अनुरूप हर्षोल्लास से मनाया जाना आवश्यक है।
निदेशक ने कहा कि हमारे त्योहार जीवन में सकारात्मक और अनमोल संदेश लेकर आते हैं। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे युवा पीढ़ी तक इन संदेशों को सही तरीके से पहुंचाने का सार्थक प्रयास करें। इस दौरान छात्रों के लिए विभिन्न रंगारंग व रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
समारोह के अंत में डॉ. हांडा ने सभी प्राध्यापकों और छात्रों से दीपोत्सव का महापर्व पारंपरिक और उत्साहजनक तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी से यह विशेष ध्यान रखने को कहा कि त्योहार की खुशियों के बीच पर्यावरण को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
