फरीदाबाद। स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम के तहत बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जिले की 30 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने सम्मानित कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके भविष्य की मजबूत नींव होती है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए बच्चों को खेल-खेल में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा प्रदान कर रही हैं। उनके प्रयासों से बच्चों में सीखने की रुचि विकसित हो रही है और वे औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्मार्ट आंगनवाड़ी कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति से जोड़ने के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
यह कार्यक्रम रॉकेट लर्निंग के मैनेजर अभिषेक कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रॉकेट लर्निंग की जिला समन्वयक पल्लवी कुमारी सहित विभिन्न ब्लॉकों से सुपरवाइजर सुनीता, एकता, माया, प्रियंका एवं शिवानी उपस्थित रहीं।
