आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद के प्रतिनिधि मंडल ने उद्योगमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों को “IMT एक्सपो” के लिए दिया निमंत्रण

फरीदाबाद । गुरुग्राम में राज्य स्तरीय एफटीए आउटरीच कार्यक्रम में शामिल हुए आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद के प्रतिनिधि, उद्योग मंत्री राव नरवीर सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों को आईएमटी एक्सपो के लिए दिया निमंत्रण

गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय ‘Leveraging FTA – Outreach Programme’ में आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद के प्रधान प्रमोद राणा अपनी टीम के साथ शामिल हुए। इस कार्यशाला का उद्देश्य हरियाणा के उद्योगों, MSMEs और निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के माध्यम से वैश्विक बाजारों में उपलब्ध नए अवसरों से जोड़ना तथा प्रदेश के निर्यात को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर प्रधान प्रमोद राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा अगले पांच वर्षों में प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में हरियाणा का उद्योग जगत और निर्यातक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की नई औद्योगिक एवं एमएसएमई नीति में उद्योगपतियों और उद्यमियों के 70 प्रतिशत से अधिक सुझावों को शामिल करना सरकार की उद्योगों के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है। मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से प्रदेश के छोटे-बड़े उद्योगों, विशेषकर एमएसएमई इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर प्रमोद राणा के साथ एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी तेज चौधरी, ब्लॉक लीडर सुभाष नागर, विक्रम प्रताप, कमल एनकॉन तथा हिंदुस्तान सिरिंज के एमडी राजीव नाथ सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रमोद राणा ने हरियाणा के उद्योग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह, डॉ. यश गर्ग, वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. विनय प्रताप सिंह, IAS अधिकारी गरिमा मित्तल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें आगामी 19 से 22 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले “आईएमटी एक्सपो” में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

प्रमोद राणा ने बताया कि सभी आमंत्रित अतिथियों ने आईएमटी एक्सपो का निमंत्रण स्वीकार किया और इसमें शामिल होने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि “आईएमटी एक्सपो” आईएमटी क्षेत्र के उद्योगों को अपने उत्पादों, तकनीक और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इससे उद्योगों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे तथा हरियाणा के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.