आर्यसमाजियों को काली भेडों की पहचान करनी होगी- राममेहर आर्य
बोले आचार्य योगेंद्र और आजाद सिंह ने आर्य बाल भारती स्कूल में किया भ्रष्टाचार, एफआइआर दर्ज -बोले पहले भी लग चुके हैं दोनों पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप
कैथल आर्यसमाजियों के बीच आज भी आचार्य योगेंद्र और आजाद सिंह जैसे भ्रष्टाचार के आरोपी लोग मौजूद हैं। आर्यसमाजियों को ऐसी काली भेड़ों की पहचान करनी होगी। उक्त अभिव्यक्ति आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के अंतर्गत सदस्य एवं आर्य बाल भारती पब्लिक स्कूल के कमेटी सदस्य राममेहर आर्य ने दी। उन्होंने कहा कि जब बाड़ ही खेत को खाने लगे तो खेत की रक्षा कौन करेगा। ऐसे लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप उस समय के हैं जब यह लोग आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के पदाधिकारी और स्कूल के प्रधान पद पर थे। उन्होंने कहा कि मामला 2010 से 2017 के बीच का है। आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा द्वारा आर्य बाल भारती स्कूल में जब अनियमिताओं की शिकायत मिलने पर जांच की गई तो सामने आया कि 24 लाख और 9 लाख रूपये के दो बड़े घोटाले किए गए हैं।
उस समय आर्य बाल भारती स्कूल के प्रधान रहे आजाद सिंह और आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री रहे आचार्य योगेंद्र दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत पाए गए हैं। उन दोनों के खिलाफ पानीपत सिटी थाना में एफ़आईआर दर्ज करवाई गई है। राममेहर आर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार चाहे कोई भी करें लेकिन इतना समझ ले कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी उक्त दोनों आरोपियों पर गबन भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग चुके हैं। उन्होंने कहा कि आर्य बाल भारती स्कूल से लाखों रुपए कैश लिए गए। जबकि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि आप कैश पैसे ले और दूसरी तरफ राशि कुछ ऐसे खातों में भी डाली गई।
जो उन लोगों से संबंधित थे। उन्होंने कहा कि उस समय आर्य बाल भारती स्कूल के फंड का दुरुपयोग करते हुए गाड़ी की खरीद आचार्य योगेंद्र के नाम से की गई थी लेकिन आज उस गाड़ी का कोई अता पता नहीं है कि वह गाड़ी कहां है। बाद में उन पर जब दुराचार के आरोप लगे तो उन्हें आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के मंत्री पद से हटा दिया गया। राममेहर आर्य ने कहा कि इन लोगों का चलन बन चुका है कि दूसरों पर आरोप लगाकर प्रसिद्धि पा ली जाए और दूसरों को ब्लैकमेल किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश भर के आर्य समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त है और जल्द सभी एकत्रित हो, ऐसे लोगों के खिलाफ कोई बड़ा निर्णय लेंगे।
