शादी में आई 6 साल की बच्ची से रेप:फरीदाबाद में टेंट के पीछे उठाकर ले गया युवक
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में एक शादी समारोह में आई 6 साल की बच्ची से रेप हुआ। आरोप गांव में रहने वाले 28 वर्षीय युवक पर है। आरोप है कि वह बच्ची और उसकी बड़ी बहन को बहाने से टेंट के पीछे ले गया। वहां बड़ी बहन किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर भाग गई, जबकि आरोपी ने छोटी बच्ची के साथ रेप किया।
इसी दौरान बाथरूम करने पहुंचे हलवाई को बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उसने मौके पर पहुंचकर दूसरे लोगों को बुलाया। इसके बाद आरोपी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना 28 नवंबर की शाम करीब 7:40 बजे की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार करीब दो साल पहले गांव में रहने आया था। बच्ची अपनी मां, दो बहनों और एक भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। उसके पिता अपनी दूसरी पत्नी के साथ अलग रहते हैं।
गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि हलवाई ने जब युवक नंदकिशोर को देखा तो वह भागकर अपने घर चला गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद डायल 112 की टीम को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नंदकिशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कोसी का रहने वाला है। वह करीब 20 साल से गांव चंदावली में अपने माता-पिता के साथ रह रहा है। उसकी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है। वह कभी-कभार राजमिस्त्री का काम करता है और फिलहाल गांव में ही मकान बना रहा है।
