नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की राजनीतिक भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल : प्रभा सोलंकी

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता को किया संबोधित

फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रभा सोलंकी ने रविवार को भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’, फरीदाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। डिलिमिटेशन बिल और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो देश की आधी आबादी को लोकतंत्र की निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रभावशाली भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्रभा सोलंकी ने कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से परिसीमन संबंधी विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इस विधेयक को सोमवार, 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पारित कराने का प्रस्ताव है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि किए जाने का प्रावधान है।

विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तथा राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 हो जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त करना है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की महिलाओं को नीति निर्माण, शासन और नेतृत्व की मुख्यधारा में अधिक अवसर प्रदान करने से जुड़ी है। जब महिलाएं संसद और विधानसभाओं में अधिक संख्या में पहुंचेंगी तो उनके अनुभव, विचार और प्राथमिकताएं भी देश की नीतियों में प्रभावी रूप से शामिल होंगी। श्रीमती सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 से महिलाओं के सशक्तिकरण को जनकल्याणकारी नीतियों का महत्वपूर्ण आधार बनाया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को स्वच्छ ईंधन की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

जनधन योजना ने महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोडक़र वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया है, वहीं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों की शिक्षा और उनके प्रति सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित किया है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में कार्य हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी का विस्तार होगा। इससे महिलाओं को नेतृत्व के नए अवसर मिलेंगे और वे देश के विकास, नीति निर्माण तथा राष्ट्र निर्माण में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला प्रभारी सीमा भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष भारती भाकुनी, जिला कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा शालिनी मंगला, खुशबू सिंह, जैनव नकवी, सुनीता पाण्डेय, प्रतिमा गर्ग व अन्य कार्यकत्र्ता उपस्थित रहे ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.