फरीदाबाद में अतिक्रमण हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम
फरीदाबाद में सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को नगर निगम ने 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। निगम की ओर से भगत सिंह चौक से हनुमान मंदिर तक कोठी कॉलोनी और फिरनी रोड क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है।
निगम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कब्जे नहीं हटाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की जिम्मेदारी भी संबंधित कब्जाधारियों की होगी।
7 दिन में खुद हटाना होगा अतिक्रमण
निगम के जेई हर्ष चपराना ने बताया कि 25 नवंबर को जारी मुनादी में संबंधित क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई है। इसमें कहा गया है कि जिन लोगों ने सड़क किनारे या सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ है, वे 7 दिन के अंदर खुद अतिक्रमण हटा लें।
हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला
नगर निगम ने अपनी चेतावनी में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मामले CWP-PIL-67/2024 और सुप्रीम कोर्ट के मामले SLP नंबर 8519/2006 का हवाला दिया है। सुप्रीम कोर्ट के मामले में 29 सितंबर 2009 के आदेश का उल्लेख करते हुए निगम ने सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों से अवैध कब्जे हटाने की बात कही है।
कब्जे नहीं हटाने पर पुलिस के साथ होगी कार्रवाई
मुनादी में स्पष्ट किया गया है कि 7 दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम प्रशासन संबंधित लोगों के खिलाफ प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई करेगा। यह नोटिस नगर निगम के संयुक्त आयुक्त की ओर से जारी किया गया है।
