सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा, सभी वर्गों को साथ लेकर चलना हमारी प्रतिबद्धता : विपुल गोयल
बदरपुर बॉर्डर पर होगा समरसता यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत, सेक्टर-12 में विशाल जनसभा
फरीदाबाद। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि 28 नवंबर को फरीदाबाद में समरसता संकल्प यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। बदरपुर बॉर्डर पर यात्रा का भव्य अभिनंदन होगा, जिसके बाद सेक्टर-12 में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर छत्तीस बिरादरी में उत्साह है और फरीदाबाद सामाजिक एकता एवं भाईचारे का विराट संगम बनेगा। श्री गोयल शुक्रवार को भाजपा फरीदाबाद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की वाणी का उल्लेख किया
‘ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न॥ ‘
उन्होंने कहा कि इन पंक्तियों में उस समाज की कल्पना है, जहां हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जी सके। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज किसी एक जाति या समुदाय के नहीं, समस्त मानवता के पथप्रदर्शक हैं। उनका संदेश भेदभाव मिटाकर समाज को जोड़ने का है। समरसता केवल आयोजन का विषय नहीं, भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है। श्री गोयल ने बताया कि शनिवार को यात्रा दिल्ली से बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम होंगे और सेक्टर-12 में विशाल जनसभा आयोजित होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित वरिष्ठ नेता, संत-महात्मा और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने सभी समुदायों, युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से आरंभ हुई यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। लगभग 2,402 किलोमीटर की यह 16 दिवसीय यात्रा विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 47 शहरों से गुजर रही है। हरियाणा के आठ जिलों में मुख्य यात्रा तथा शेष 15 जिलों में उपयात्राएं निर्धारित हैं। फरीदाबाद के बाद यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जाएगी। श्री गोयल ने कहा कि यात्रा का वास्तविक उद्देश्य संत-महापुरुषों के विचारों को व्यवहार में उतारना और छत्तीस बिरादरी को सम्मान, विश्वास तथा भाईचारे के सूत्र में पिरोना है। समाज की एकजुटता ही विकसित हरियाणा की सबसे मजबूत नींव है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता एवं गोपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला प्रभारी श्रीमती लतिका शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग एवं शोभित अरोड़ा तथा जिला कार्यालय सचिव राज मदान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
