रेप-ब्लैकमेलिंग के आरोपी की तीसरी बार जमानत खारिज
फरीदाबाद में महिला को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील वीडियो के सहारे लंबे समय तक ब्लैकमेल करने के आरोपों में घिरे रोहित कुमार की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। मामले में तीसरी बार जमानत मांगने पर भी कोर्ट ने उसे राहत देने से इनकार कर दिया।
एडिशनल सेशन जज लोकेश गुप्ता ने बेल पिटीशन खारिज करते हुए कहा कि आरोपी के बाहर आने पर गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
लड्डू खाने के बाद बेहोश हुई महिला
पल्ला थाना क्षेत्र में दर्ज मामले के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि आरोपी उसका रिश्तेदार है और तंत्र-मंत्र करने का काम करता है। 6 जनवरी 2025 को वह मिठाई लेकर उसके घर पहुंचा।
महिला का आरोप है कि आरोपी के कहने पर लड्डू खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। होश में आने पर उसे इस बारे में पता चला।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान उससे 10 लाख रुपए और सोने के आभूषण भी ले लिए गए। आरोप है कि 31 मार्च 2026 को आरोपी ने महिला की दोनों बेटियों के मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख रुपए की मांग की।
बचाव पक्ष ने साक्ष्यों की कमी का उठाया मुद्दा
सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने दलील दी कि पुलिस को नशीला पदार्थ, मिठाई या कथित अश्लील वीडियो बरामद नहीं हुआ है। एफआईआर दर्ज कराने में करीब 15 महीने की देरी हुई। मेडिकल और फोरेंसिक साक्ष्य भी उपलब्ध नहीं हैं।
बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि कथित वसूली के संदेशों में इस्तेमाल सिम आरोपी के नाम पर नहीं है। जांच पूरी होने और चालान पेश होने के साथ आरोपी के 11 मई 2026 से जेल में होने का हवाला देकर जमानत मांगी गई।
गवाह प्रभावित करने की आशंका पर जमानत नामंजूर
वहीं, सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी और शिकायतकर्ता के परिवार के बीच करीबी रिश्तेदारी है। ऐसे में बाहर आने पर वह गवाहों को प्रभावित कर सकता है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने मामले की गंभीरता और गवाहों की सुरक्षा से जुड़ी आशंका को देखते हुए आरोपी की तीसरी जमानत याचिका भी खारिज कर दी।
