सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक के उपरान्त संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़क सुरक्षा के सभी प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी धुंध के मौसम के दृष्टिगत सभी सड़क स्वामित्व एजेंसियां नागरिकों की सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करें। सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने एफएमडीए, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), नगर निगम, एनएचएआई, एचएसवीपी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रोड मार्किंग, साइनेज, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करवाई जाए ताकि नागरिकों को आवागमन के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को जिला में चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सड़क सुरक्षा के सभी प्रबंध करवाए जाएं तथा यातायात जाम की समस्या से सम्बंधित स्थानों पर भी सुगम आवागमन के लिए प्रबंध करें।

उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग प्रभावी एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करें।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी हिमाद्रि कौशिक, आरटीए सचिव मुनीश सहगल सहित एचएसवीपी, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.