इंजीनियर्स डे पर एम.वी.एन. यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम आयोजित
- “तकनीकी ज्ञान के साथ नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता जरूरी : डॉ. एन.पी. सिंह”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर एवं अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी विद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि आज के तकनीकी युग में विद्यार्थियों के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और नई तकनीकों को सीखने की निरंतर इच्छा विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि “अभियांत्रिकी केवल एक डिग्री या पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की समस्याओं के समाधान का माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के लिए उपयोगी एवं नवाचारी समाधान विकसित करने में करना चाहिए।”
डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, स्वचालन और अन्य उभरती तकनीकों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एम.वी.एन. यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, परियोजना आधारित शिक्षा, उद्योग जगत से जुड़ाव और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं एवं नवाचार गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का संकल्प लिया।
