हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के स्कूलों में गूंजा देशभक्ति का संदेश

- बच्चों में दिखा गजब का उत्साह, तिरंगे के साथ रैली निकालकर दिया राष्ट्रभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश

फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में जिला में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज विभिन्न सरकारी स्कूलों में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए तिरंगा रैली निकाली तथा रंगोली और ड्राइंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपने सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित किया।

तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान की साइट पर करें अपलोड :

डीसी ने जिलावासियों से अपील की है कि वे 9 से 17अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान की साइट https://harghartiranga.com पर अपलोड करें तथा सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga2026 के साथ अपनी भागीदारी साझा करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्र के प्रति हमारी एकजुटता, गौरव और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है।

अभियान की नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा ने बताया कि आज जिला के कई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में इन गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

तिरंगा रैली में दिखा देशभक्ति का जोश :

विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा रैलियां निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। रैलियों के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता का संदेश भी दिया।

रंगोली व ड्राइंग में उकेरी तिरंगे की शान :

स्कूलों में आयोजित रंगोली और ड्राइंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने तिरंगे के तीनों रंगों तथा राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े विभिन्न विषयों को अपनी कलाकृतियों में खूबसूरती से उकेरा। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया।

बच्चों में दिख रहा ‘हर घर तिरंगा’ को लेकर खासा उत्साह :

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे न केवल स्वयं पूरे जोश के साथ अभियान का हिस्सा बन रहे हैं, बल्कि अपने परिवारजनों, आसपास के लोगों और अन्य नागरिकों को भी इस अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.