सरकार व प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने का मंच है आरडब्ल्यूए : पंकज सिंगला
भाजपा नेता ने दी सेक्टर-19 की नवनियुक्त रेजिडेंट वेलफयर एसो. के पदाधिकारियों को बधाई
फरीदाबाद। वार्ड नंबर 31 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-19 रेजिडेंट वेलफेयर एसो. के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सम्पन्न हुए। चुनाव में सुनील कुमार सर्वाधिक वोट प्राप्त कर प्रधान निर्वाचित हुए। सुनील कुमार को 29 में से 22 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रवीण अंबावता को सात मत प्राप्त हुए। उनके अलावा नवनिर्वाचित टीम में अजय नरवत (जनरल सेक्रेटरी), अशोक रखेजा (उप प्रधान), राजेंद्र मिगलानी (कैशियर), भगवान दास गेरा (सेक्रेटरी), वीरेंद्र यादव (जॉइंट सेक्रेटरी) एवं रमेश कुमार (जॉइंट सेक्रेटरी) चुने गए।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज सिंगला ने नवनिर्वाचित प्रधान सुनील कुमार को गुलदस्ता भेंट कर बधाई देते हुए कहा कि रेजिडेंट वेलफेयर एसो. एक ऐसा संगठन होता है, जिसके माध्यम से कालोनी व सेक्टर के लोग एकजुट होकर अपनी बात पुरजोर तरीके से प्रशासन व सरकार के समक्ष रख सकते है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सुनील कुमार व उनकी टीम अपने कार्यकाल को पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण भाव के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण करेगी तथा क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने एसो. के प्रधान तथा सभी सदस्यों को विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के आर्शीवाद से वह सेक्टर-19 में अधिक से अधिक विकास करवाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान चरण सिंह सैनी, सेवादार टोनी पहलवान एवं महेश कथूरिया ने भी नवनिर्वाचित प्रधान सुनील कुमार का मुंह मीठा करवाकर उनका स्वागत किया तथा पूरी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य रुप से कुलदीप सिंघल व पवन लोहिया विशेष रूप से मौजूद रहे।
