भक्ति-शक्ति यात्रा पहुंचेगी पलवल:  ज्योति दर्शन और पदयात्रा से होगा स्वागत: अनिल जांगड़ा

ज्वालामाता की ज्योति के साथ पलवल में प्रवेश करेगी राष्ट्र जागरण यात्रा–अनिल जांगड़ा - सनातन चेतना से ओतप्रोत यात्रा कल पहुंचेगी पलवल :  नगर करेगा भव्य स्वागत–अनिल जांगड़ा

पलवल। सनातन संस्कृति की चेतना से ओतप्रोत भक्ति-शक्ति यात्रा 5 मई 2025 को पावन ज्योति के साथ पलवल जनपद में प्रवेश करेगी। हिमाचल प्रदेश के ज्वालामाता मंदिर से प्रज्वलित यह ज्योति, आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश लिए हुए विभिन्न राज्यों से होती हुई मध्यप्रदेश के पशुपतिनाथ मंदिर, घुरेल तक पहुंचेगी।

यात्रा का पलवल में आगमन सायं 4:30 बजे सेक्टर-2 हुड्डा के समीप होगा, जहाँ से नगर पदयात्रा प्रारंभ होगी। प्राचीन देवी मंदिर, भवन कुंड पर पवित्र ज्योति का दर्शन व पूजन होगा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक उत्सव के साथ इस पुण्य अवसर को साझा करेंगे। इसके उपरांत यात्रा आगरा चौक होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए चमेली वन मंदिर, होडल पहुंचेगी, जहाँ विश्रांति के पश्चात यात्रा जिला नूंह की ओर प्रस्थान करेगी।

यह यात्रा धर्म, सेवा और संस्कृति को जोड़ने वाली ऐसी पहल है जो समाज के हर वर्ग को आध्यात्मिक ऊर्जा और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत करती है। मंदिरों को पुनः समाज के शक्ति केंद्र बनाने, धर्म को जन-जन तक पहुँचाने और समरसता के भाव को सशक्त करने के लिए यह अभियान निःस्वार्थ भाव से जारी है।

यात्रा में किसी एक संगठन का नहीं, पूरे समाज का योगदान है। यह समस्त जनमानस की यात्रा है। इसलिए पलवल के सभी धर्मप्रेमी, श्रद्धालुजन, मातृशक्ति, युवा वर्ग व नगरवासी ज्योति दर्शन एवं यात्रा स्वागत में सपरिवार सादर आमंत्रित हैं।
आइए, एक दीप से अनेक दीप जलाएं और अखंड ज्योति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की लौ प्रज्वलित करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.