गणेशोत्सव में महिलाओं ने दिखाया हुनर और उत्साह, लावणी नृत्य की प्रस्तुति ने बांधा मनमोहक समां
गांधी कॉलोनी स्थित श्री गणेश पार्क शुक्रवार को गणेशोत्सव के दौरान महिलाओं के उत्साह और सांस्कृतिक रंग से सराबोर नजर आया। महाराष्ट्र मित्र मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं कराई गई, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कहीं एक माचिस की तीली से अधिकतम मोमबत्तियां जलाने की होड़ दिखी तो कहीं धागे की रील को सबसे पहले खाली करने का उत्साह नजर आया। प्रतियोगिताओं के बाद मुंबई से आई कलाकारों और मंडल की महिला कार्यकर्ताओं की लावणी नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मनमोहक नृत्य पर दर्शक तालियां बजाते नजर आए।
महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर
महाराष्ट्र मित्र मंडल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
आयोजन को सफल बनाने में मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र पांचाल, विनय, यशवंत पांचाल, विलास पांचाल, लक्ष्मण पांचाल, सुरेश मेस्त्री, जितेंद्र बडोले, रविकांत गोसावी, रविंद्र, शीतल, तेजस, कर्ण शर्मा, हरेन्द्र, सचिन, श्रेयस पांचाल, शेखर, उत्तम कुमार, रोहित, अक्षय, विनय रोहिल्ला, मीनाक्षी पांचाल, भारती पांचाल, किरण पांचाल, निशा, पौर्णिमा, भावना पांचाल, गायत्री सहित मंडल के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन में भाग लेने वाली सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हुए उनके उत्साह की सराहना की गई।
