घर में पेंटिंग के दौरान खेल-खेल में 2 साल के बच्चे ने पी ली फिनाइल, नाजुक हालत में दिल्ली रेफर

फरीदाबाद। एनआईटी-3 नंबर इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां दीपावली की सफाई और रंग-रोगन के काम के दौरान दो साल के मासूम बच्चे ने धोखे से फिनाइल पी ली। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के उच्च अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बच्चे के पिता सुखलाल ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं और बीते 17 सालों से फरीदाबाद में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शनिवार दोपहर दीपावली की तैयारी के तहत घर में रंग-रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान उनका सबसे छोटा 2 वर्षीय बेटा गोलू खेलते-खेलते घर में रखी फिनाइल की बोतल तक पहुंच गया और उसे पानी समझकर पी लिया।
फिनाइल पीते ही बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगा। परिजन तुरंत उसे बीके अस्पताल ले गए। बीके अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती उपचार देकर बच्चे की नाजुक स्थिति को संभालते हुए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेज दिया है। परिजनों की ओर से इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.