निशांत वशिष्ठ बने न्यूक्लियर साइंटिस्ट, गांव सदपुरा में हुआ भव्य स्वागत

फरीदाबाद।  तिगांव क्षेत्र के गांव सदपुरा निवासी निशांत वशिष्ठ ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन बुलंदशहर स्थित नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र (न्यूक्लियर पावर स्टेशन) में न्यूक्लियर साइंटिस्ट के पद पर हुआ है। इससे पहले निशांत गुजरात के सूरत में कृभको (्यक्रढ्ढक्च॥ष्टह्र) में कार्यरत थे। अब निशांत नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। निशांत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रावल कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। इसी विद्यालय से उन्होंने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने एनआईटी जालंधर से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। जहां इन्होंने बेहतर शिक्षा का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। अपनी शैक्षणिक योग्यता और मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है

। निशांत के गांव सदपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। लोगों ने कहा कि निशांत की सफलता पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इससे यह संदेश मिलता है कि लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर युवा किसी भी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। निशांत के पिता विजय उर्फ बिजेंद्र कुमार शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई भी इंजीनियर है। परिवार में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल ने भी निशांत की सफलता की राह को मजबूत बनाया। इस अवसर पर शोभाराम मेहंबर, राधा, रमन , अजय सरपंच, तुलसीराम, जय भगवान,  परमानंद  , बालकिशन शर्मा,  जय नारायण व गुलाब सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने निशांत का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.